परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी पर POCSO एक्ट सहित मामला दर्ज,अश्लील इशारे कर हाथ पकड़ा, विरोध पर कपड़ा खींचा; बुआ ने मौके पर पहुंचकर बचाया


उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ POCSO एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा ने थाना पाली पहुंचकर अपने परिजनों के साथ मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि वह कक्षा 9वीं की छात्रा है और 16 मार्च 2026 को विज्ञान विषय की परीक्षा देने गई थी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह शाम करीब 4 बजे घर लौट रही थी, तभी गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक उसका पीछा करने लगा। रास्ते में आरोपी ने छात्रा के पास पहुंचकर अश्लील इशारे किए और प्रेम प्रस्ताव रखा।
विरोध करने पर आरोपी ने बुरी नीयत से छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसकी कुर्ती खींचने लगा। छात्रा द्वारा शोर मचाने पर उसकी बुआ मौके पर पहुंची और उसे बचाया।
आरोप है कि आरोपी ने जाते-जाते छात्रा को धमकी दी कि यदि उसने शिकायत की तो उसे जान से खत्म कर देगा। घटना में छात्रा के हाथ में चोट भी आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 351(3) तथा POCSO एक्ट 2012 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।