छात्रों के समर्थन में उतरे अनूपपुर के अधिवक्ता, जिला न्यायालय के बाहर किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
छात्रों के समर्थन में उतरे अनूपपुर के अधिवक्ता, जिला न्यायालय के बाहर किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
अनूपपुर। नीट (NEET-UG) परीक्षा में कथित पेपर लीक के आरोपों तथा इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को अनूपपुर जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय के मुख्य द्वार के समक्ष शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान, लोकतंत्र तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की। अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों की आवाज़ को बल प्रयोग से दबाने के बजाय उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
अधिवक्ताओं ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने, पेपर लीक जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी व्यवस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार एवं संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


