मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, कलेक्टर ने कहा—लक्ष्य तय कर करें मेहनत,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, कलेक्टर ने कहा—लक्ष्य तय कर करें मेहनत
उमरिया। जिले में इस वर्ष हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में सुधार के बाद मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। कलेक्टर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रेखा सहाय ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे अभी से अपने लक्ष्य तय कर उसी दिशा में मेहनत शुरू करेंगे, तो निश्चित रूप से सफलता हासिल करेंगे। उन्होंने छात्रों से बिना तनाव के पढ़ाई करने और अपने कैरियर पर फोकस रखने की अपील की।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता और एक शिक्षित व्यक्ति पूरे समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभाओं का सही उपयोग कर जीवन को बेहतर बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बेहतर परिणाम के लिए बधाई दी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम 77.87 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 72.27 प्रतिशत से अधिक है। वहीं हायर सेकेंडरी का परिणाम 80.32 प्रतिशत रहा, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के कैरियर संबंधी प्रश्नों का समाधान भी अधिकारियों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



