पाली जनपद क्षेत्र 08: ज्ञानवती की भतीजी पुष्पलता का लगभग निर्विरोध चुनाव तय

पाली (उमरिया): पंचायत उपनिर्वाचन 2025 के अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 (अजा-जजा महिला आरक्षित) में केवल एक ही नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद चुनावी माहौल शांत हो गया है। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मंगलवार को नामांकन पत्रों की समीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी। यदि किसी प्रकार की त्रुटि नहीं पाई जाती है, तो यह प्रत्याशी लगभग निर्विरोध निर्वाचित मानी जाएँगी और मतदान की आवश्यकता नहीं होगी।

गौरतलब है कि इस सीट पर पूर्व में पूनम बैगा जनपद सदस्य थीं। उन्हें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में नियुक्ति मिलने के बाद पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके कारण यह पद रिक्त हुआ और उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।

मौजूदा नामांकनकर्ता पुष्पलता, पिता पूरन सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री ज्ञानवती की भतीजी हैं, जिससे यह सीट राजनीतिक रूप से चर्चा में बनी हुई है। सभी आवश्यक दस्तावेज और शपथ-पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।

अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली समीक्षा प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिसके बाद निर्विरोध चुनाव की औपचारिक घोषणा की जाएगी।