पाली में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ 15 नवंबर को, राज्यपाल करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, लोगों को मिलेगी सस्ती दवाइयाँ,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ 15 नवंबर को, राज्यपाल करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, लोगों को मिलेगी सस्ती दवाइयाँ

पाली (उमरिया)। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को प्रदेशभर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 20 जिलों में एक साथ इन केंद्रों की शुरुआत होगी, जिसमें उमरिया जिले का पाली ब्लॉक भी शामिल है।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं राज्यपाल महोदय वर्चुअल माध्यम से इन औषधि केंद्रों का शुभारंभ करेंगे। पाली में यह कार्यक्रम भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा उमरिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
पाली ब्लॉक के बीएमओ डॉ. पी. के. सागर द्वारा समिति को औषधि केंद्र हेतु स्थान उपलब्ध कराया गया है। यह केंद्र पाली नगर के उसी परिसर में संचालित होगा, जहाँ पूर्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संचालित होता था। यहीं पर 15 नवंबर को औषधि केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
स्थान उपलब्ध कराए जाने के बाद रेडक्रॉस समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने पाली नगर के रेस्टहाउस में एक बैठक आयोजित की, जिसमें नगर के प्रबुद्धजन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आगामी कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उमरिया के चेयरमैन अखिलेश त्रिपाठी, जिला सचिव राकेश शर्मा, प्रबंध समिति के सदस्य योगेश द्विवेदी, सदस्य मान सिंह, डॉ. ब्रजेश शर्मा, अनुराग तिवारी, तथा समाज के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश पालीवाल उपस्थित रहे।
इसके साथ ही केमिस्ट संघ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र शर्मा, बहादुर सिंह, सुदामा विश्वकर्मा एवं राजकुमार गौतम भी बैठक में सम्मिलित हुए।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्देश्य आम जनता को सस्ती एवं गुणवत्ता युक्त दवाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को सस्ती से सस्ती दवा मिले और जन–जन का इलाज किफायती हो सके।
इस अभियान का लक्ष्य है कि ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुलभ कराई जा सके।
आयोजन समिति ने समाज के जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों, जनजातीय समाज एवं व्यापारियों से इस जनसेवा अभियान में सहयोग की अपील की है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिससे पाली क्षेत्र के लोगों को बाजार से कम दाम पर दवाइयाँ प्राप्त होंगी।


