जयस ने दिया पत्रकार आंदोलन को समर्थन — कहा, प्रशासन की जिम्मेदारी तय हो,और पत्रकारों के साथ प्रताड़ना बंद हो,अन्यथा जयस उतरेगा आंदोलन में
जयस ने दिया पत्रकार आंदोलन को समर्थन — कहा, प्रशासन की जिम्मेदारी तय हो
अनूपपुर - अनूपपुर जिले में पत्रकारों पर हो रहे लगातार हमले, फर्जी मुकदमे और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ चल रहे पत्रकारों के अनिश्चितकालीन आंदोलन को अब जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) का भी समर्थन मिल गया है।
जयस जिला अध्यक्ष इंद्रभान सिंह उइके एवं जिला कार्यवाहक अध्यक्ष शोभालाल सोनवानी ने अपने संयुक्त समर्थन पत्र में कहा है कि —
> “पत्रकार समाज के प्रहरी होते हैं, जो शासन और प्रशासन की व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने का काम करते हैं। अगर उन पर अत्याचार होगा तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला होगा।”
पत्र में कहा गया है कि जयस संगठन ने सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं और प्रशासन की निष्क्रियता की जानकारी मिलने के बाद निर्णय लिया कि वह पत्रकारों के इस शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ खड़ा रहेगा।
जयस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही पत्रकारों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो संगठन भी पत्रकार बंधुओं के सम्मान में आंदोलन करेगा। साथ ही स्पष्ट किया गया कि ऐसी स्थिति की पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी।


