अमरकंटक के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय  द्वारा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन,,संवाददाता - श्रवण कुमार उपाध्याय 

अमरकंटक - मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के 
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 18 दिसंबर 2025 दिन  गुरुवार को मां शारदा कन्या विद्यापीठ में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आशीष शुक्ला ,  महेश्वर द्विवेदी (पीजीटी इतिहास) एवं रमेश कुमार सिंह (सामाजिक विज्ञान) विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य आशीष शुक्ला ने कहा कि डॉ. प्रवीण सरकार द्वारा स्थापित मां शारदा कन्या विद्यापीठ आदिवासी एवं निर्धन बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । शिक्षा के माध्यम से बालिकाएँ आत्मनिर्भर बन रही हैं , जो समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है ।

प्राचार्य आशीष शुक्ला ने देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने शिक्षा जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया किंतु दृढ़ संकल्प , परिश्रम और शिक्षा के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुँचीं । उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भी शिक्षा को अपना सशक्त माध्यम बनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और समाज व राष्ट्र को गौरवान्वित कर सकती हैं ।

इस अवसर पर छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया  जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक की ओर से छात्राओं को ज्यामिति बॉक्स , ड्राइंग कॉपी एवं रंग सामग्री का वितरण किया गया ।

कार्यक्रम में मां शारदा कन्या विद्यापीठ के शिक्षक प्रवीण द्विवेदी , मिहिर पाल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे । 

कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक सहयोग के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा है ।