बनौदा स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम—साइबर सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन

पाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनौदा में बुधवार को पाली एसडीओपी एस.सी. बोहित एवं पाली नगर निरीक्षक राजेशचंद्र मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अधिकारियों से अनेक जिज्ञासु प्रश्न पूछे, जिनका विस्तृत उत्तर दिया गया।

एसडीओपी श्री बोहित ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—
“सबसे पहले हमें पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और जीवन में एक लक्ष्य बनाकर उसकी प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। जब हम बड़े होकर अच्छे पदों पर पहुँचते हैं, तब न सिर्फ देश और समाज का नाम रोशन होता है, बल्कि अपने गाँव, अपने विद्यालय और अपने माता-पिता का भी गौरव बढ़ाते हैं। इसलिए दृढ़ निश्चय, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ें।”

इसके बाद नगर निरीक्षक श्री राजेशचंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, अज्ञात कॉल व मैसेज के खतरों सहित साइबर अपराधों से कैसे बचें, इस विषय में व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि
“इंटरनेट वरदान है, लेकिन सावधानी और समझदारी से उपयोग करना आवश्यक है। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।”

कार्यक्रम के दौरान प्रचार प्रभारी मैथिलीशरण पांडे, जन शिक्षक बीरेन्द्र गर्ग, आईटी शिक्षक संजय गौतम, एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत सहायक हैं और आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे।