डीएमएफ कार्यों के भौतिक स्थिति की कलेक्टर ने की समीक्षा कार्यों की गति बढ़ाने व गुणवत्ता की मानीटरिंग के दिए निर्देश
डीएमएफ कार्यों के भौतिक स्थिति की कलेक्टर ने की समीक्षा
कार्यों की गति बढ़ाने व गुणवत्ता की मानीटरिंग के दिए निर्देश
अनूपपुर / जिला खनिज प्रतिष्ठान मद (डीएमएफ) अंतर्गत जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, जनजातीय कार्य, सर्व शिक्षा अभियान, जनपद पंचायतों व नगरीय निकायों को आवंटित कार्यों के अद्यतन प्रगति के संबंध में समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने जिला खनिज प्रतिष्ठान मद अंतर्गत आवंटित कार्यों के अद्यतन भौतिक स्थिति की समीक्षा करते हुए विभागों को कार्यों की पूर्णता के संबंध में समय-सीमा निर्धारित की है। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक व दी गई समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागों को कार्यों की गति बढ़ाकर निर्माण कार्य की सतत् मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले संविदाकारों के विरूद्ध पेनाल्टी लगाई जाए। बैठक में सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत दिव्यांगों के सहायक उपकरण शासन की एजेन्सी एल्मिको से क्रय करने के निर्देश दिए। बैठक में अनूपपुर नगरीय निकाय अंतर्गत सामतपुर तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य, शंकर मंदिर से सोहारी तालाब तक सड़क निर्माण, पोल शिफ्टिंग कार्य को पूरा कराने के लिए त्वरित पहल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रत्येक कार्यों के फोटोग्राफ के माध्यम से भौतिक स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत स्वीकृत 87 कार्यों में से 57 के पूर्णता की जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त को सत्यापन कर जानकारी से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. अनूपपुर में बनाए जा रहे लाइब्रेरी निर्माण कार्य को फरवरी माह में पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने लाईब्रेरी के फर्श मे कोटा स्टोन लगाने तथा बुक सेल्फ आदि कार्यों के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाईब्रेरी को जन उपयोगी बनाया जाएगा इसमें विद्यार्थियों के साथ ही स्थानीय युवा लाभान्वित हो सकेंगे।


