जिला पंचायत परिसर में अध्यक्ष प्रीति सिंह ने किया ध्वजारोहण
जिला पंचायत परिसर में अध्यक्ष प्रीति सिंह ने किया ध्वजारोहण,
-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से गाया राष्ट्रगान
अनूपपुर, 15 अगस्त 2026। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला पंचायत अनूपपुर में पूरे गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद जिला पंचायत परिसर राष्ट्रगान से गूंज उठा। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन कर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्रहित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का संदेश दिया।
समारोह में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी सहित जिला पंचायत के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।


