जीएमएस कंपनी के  वाहन पर कार्रवाई की मांग: कोतमा थाने ने सौंपा गया ज्ञापन


कोतमा /अनूपपुर। कोतमा नगर में जीएमएस कंपनी के वाहन से जुड़े कथित हिट एंड रन मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतमा थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कंपनी के वाहन चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कोतमा–निगवानी मार्ग पर जीएमएस कंपनी का एक वाहन साइकिल से जा रहे एक बच्चे को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्चे के पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक द्वारा रुककर घायल की मदद करने के बजाय मौके से भाग जाना गंभीर लापरवाही और कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित वाहन और चालक की पहचान की जाए तथा हिट एंड रन सहित लागू धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।