जैतहरी : खबर असर स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली बालक का बाल खींचना पड़ा भारी, नगर पालिका कर्मचारी सेवा से पृथक

जैतहरी नगर पालिका सीएमओ ने की कार्रवाई, मिष्ठान वितरण के दौरान बालक का बाल खींचने का वीडियो हुआ था वायरल

जैतहरी/अनूपपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिष्ठान वितरण के दौरान स्कूली बालक का बाल खींचने का वीडियो वायरल होने के बाद उक्त खबर को rk expose ने प्रमुखता से दिखाई थी जहाँ मामले में जैतहरी नगर पालिका परिषद ने कड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी नंदलाल सिंह गोंड को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के अनुसार 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मिष्ठान वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी द्वारा स्कूली बालक का बाल खींचते हुए वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को लेकर कर्मचारी के व्यवहार पर सवाल उठने लगे थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद जैतहरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कर्मचारी को जारी आदेश में उल्लेख किया कि वायरल वीडियो में कर्मचारी द्वारा बच्चे का बाल पकड़कर खींचते हुए देखा जा रहा है, जो अनुशासनहीनता एवं लापरवाही का द्योतक है।

इसके बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी को उक्त कृत्य के लिए सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की है।

नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद यह संदेश भी गया है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कर्मचारियों द्वारा अनुशासनहीन या बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।