जैतहरी में तालाब बचाओ आंदोलन — नगर परिषद के खिलाफ खौल रहा जनाक्रोश! कल होगा बड़ा आंदोलन
जैतहरी में तालाब बचाओ आंदोलन — नगर परिषद के खिलाफ खौल रहा जनाक्रोश! कल होगा बड़ा आंदोलन
अनूपपुर। जैतहरी नगर परिषद की लापरवाही अब जनता के सब्र का बाँध तोड़ चुकी है। शहर के फुटहा तालाब, ककरईहा तालाब और लक्ष्मण बगीचा तालाब में लगातार नालियों का गंदा व रासायनिक पानी छोड़े जाने से तालाब प्रदूषित हो गए हैं, जिससे क्षेत्र की सुंदरता, पेयजल स्रोत और जीव-जंतु सभी पर संकट मंडरा रहा है।
नगर परिषद द्वारा करोड़ों की योजनाओं के बावजूद हालात जस के तस हैं। सफाई और संरक्षण के नाम पर केवल कागजी काम हुआ है, जमीनी हकीकत में तालाब गंदगी से पटे पड़े हैं। इस गंभीर स्थिति से परेशान होकर रिवोल्यूशनरी सोसलिस्ट पार्टी जिला समिति अनूपपुर ने नगर परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पार्टी ने 14 अक्टूबर, मंगलवार को “तालाब बचाओ आंदोलन” का ऐलान किया है, जो फुटहा तालाब, जैतहरी से शुरू होगा। आंदोलन में स्थानीय नागरिक, किसान, युवा और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
पार्टी के जिला सचिव का. उमेश सिंह ने बताया कि —
> “नगर परिषद की नाकामी के चलते जैतहरी के ऐतिहासिक तालाब नालियों के गंदे पानी से मर रहे हैं। प्रशासन सिर्फ दिखावे की योजनाएं बना रहा है, जबकि जनता का स्वास्थ्य और पर्यावरण दांव पर है। अब जनता चुप नहीं बैठेगी।”
इस आंदोलन का उद्देश्य नगर परिषद को चेतावनी देना और तालाबों को मूल स्वरूप में पुनर्जीवित कराने की माँग उठाना है। पार्टी का कहना है कि यदि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को जिला मुख्यालय तक विस्तारित किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
1. तालाबों में गिराए जा रहे गंदे पानी की निकासी पर तत्काल रोक।
2. तीनों तालाबों की सफाई और पुनरुद्धार कार्य की समयसीमा तय की जाए।
3. दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई।
4. नगर परिषद द्वारा तालाब संरक्षण हेतु जनसहभागिता योजना लागू की जाए।


