जोहिला नदी में डूबने से युवक की मौत, तलाश के तीसरे दिन मिला शव

पाली (उमरिया) - पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़ना निवासी महेंद्र सिंह पिता अमल शाह सिंह (40 वर्ष) की मौत नदी में डूबने से हो गई। उनका शव शुक्रवार सुबह जोहिला नदी घोघरा घाट से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ममता बाई ने बताया कि उनके घर का निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार को महेंद्र सिंह ने दिनभर काम किया और शाम को पत्नी से यह कहकर निकले कि वह नदी में मछली मारने और नहाने जा रहे हैं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे।

परिजनों ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन जब रात में तेज पानी गिरने लगा तो उन्होंने सोचा कि महेंद्र कहीं रुक गए होंगे। अगले दिन सुबह भी जब वे घर नहीं लौटे तो पूरे गाँव के लोगों, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसी दौरान मृतक का शाला वीरेंद्र भी अपने जीजा की तलाश कर रहा था। खोजबीन के दौरान उसे घोघरा घाट पर नदी में जीजा का शव दिखाई दिया। तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।