घुनघुटी में खुलेआम बिक रहा अवैध डीजल-पेट्रोल, प्रशासन मौन!,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
घुनघुटी में खुलेआम बिक रहा अवैध डीजल-पेट्रोल, प्रशासन मौन!
पाली (उमरिया)।पाली थाना क्षेत्र की घुनघुटी चौकी के सामने स्थित वर्मा की दुकान में लंबे समय से अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। यह गोरखधंधा प्रशासन और पुलिस की सीधी निगरानी में संचालित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।
पेट्रोलियम पदार्थ जैसे ज्वलनशील सामग्री की बिना लाइसेंस बिक्री न सिर्फ पूरी तरह गैरकानूनी है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा खतरा भी बन चुकी है। खुले में डीजल-पेट्रोल का भंडारण और बिक्री, कभी भी किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है। इसके बावजूद न तो घुनघुटी पुलिस चौकी इस पर कार्रवाई कर रही है, न ही तहसील प्रशासन और एसडीएम कार्यालय की ओर से कोई संज्ञान लिया गया है।
गौर करने वाली बात यह है कि दुकान की लोकेशन चौकी के बिलकुल सामने है, ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि कहीं यह अवैध कारोबार कुछ जिम्मेदारों की शह पर तो नहीं फल-फूल रहा? वहीं जिला कलेक्टर उमरिया की निगरानी में काम कर रहे विभाग, खासकर वाणिज्यिक कर विभाग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की निष्क्रियता भी सवालों के घेरे में है।
स्थानीय लोग प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराज हैं और मांग कर रहे हैं कि इस अवैध ईंधन बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, अन्यथा किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन पर होगी।


