ड्राइवर पिता की मेहनत और बेटी के हौसले ने रचा इतिहास, पाली की प्रिया बनीं शहडोल संभाग का गौरव

बिरसिंहपुर पाली। सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपनों को सच कर दिखाने वाली पाली नगर की बेटी कॉर्पोरल प्रिया श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे शहडोल संभाग का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और लगन के आगे परिस्थितियाँ भी छोटी पड़ जाती हैं।
प्रिया श्रीवास्तव के पिता श्री प्रदीप श्रीवास्तव एक चालक (ड्राइवर) के रूप में कार्य करते हैं, जबकि माता श्रीमती मंजू श्रीवास्तव शिक्षिका हैं। परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर प्रिया आज युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई हैं।
वर्तमान में वह पीपुल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल से बी.कॉम की पढ़ाई कर रही हैं और एनसीसी आर्मी विंग, 4 एमपी गर्ल्स बटालियन की सक्रिय कैडेट हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अखिल भारतीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।
गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 28 जनवरी को आयोजित प्रधानमंत्री रैली में भी उन्हें शामिल होने का अवसर मिला। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने उन्हें मेडलियन अवॉर्ड से सम्मानित किया।
इस दौरान उन्हें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति तथा तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों से मिलने का अवसर भी मिला। साथ ही रक्षा मंत्री एवं रक्षा राज्य मंत्री से भी उनकी भेंट हुई।
मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित हो चुकी प्रिया की उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आज नगर में उनकी सफलता को संघर्ष और संकल्प की जीत के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा दे रही है।