दतिया उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा, मंत्री दिलीप जायसवाल ने संभाली प्रचार की कमान

भाजपा प्रत्याशी आयुषतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क तेज, कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान

अनूपपुर/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार अभियान को पूरी तरह गति दे दी है। भाजपा प्रत्याशी आयुषतोष तिवारी के समर्थन में मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं कोतमा विधायक दिलीप जायसवाल लगातार क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं और मतदाताओं से जनसंपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
चुनावी अभियान के दौरान मंत्री जायसवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रणनीतिक बैठक कर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। इसी कारण प्रदेश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर लगातार बढ़ा है और यही विश्वास उपचुनाव में ऐतिहासिक जनसमर्थन के रूप में सामने आएगा।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आयुषतोष तिवारी को कर्मठ, जुझारू एवं संघर्षशील जनप्रतिनिधि बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी। मंत्री ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद के बल पर भाजपा दतिया विधानसभा उपचुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
प्रचार अभियान के दौरान मंत्री जायसवाल ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया, स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।