पाली स्टेशन पर दर्दनाक हादसा — मालगाड़ी की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, घंटों तक नहीं पहुँची जीआरपी

पाली। वार्ड क्रमांक 2 बरा मोहल्ला निवासी साविर खान पिता यार मोहम्मद (उम्र लगभग 48 वर्ष) की शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 8 बजे साविर खान डाउन लाइन पर अचानक आ गई मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जीआरपी दल मौके पर नहीं पहुँचा था। बताया जा रहा है कि जीआरपी का कार्यालय शहडोल में स्थित है, जो पाली स्टेशन से लगभग 35 किलोमीटर दूर है। वाहन सुविधा न होने के कारण जीआरपी की टीम को मौके पर पहुँचने में अक्सर देरी होती है।

इस देरी के चलते मृतक का शव घंटों तक ट्रैक पर पड़ा रहा, और परिजन व स्थानीय लोग मौके पर विलाप करते रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाली जैसे व्यस्त स्टेशन पर स्थायी जीआरपी चौकी और वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में तुरंत कार्रवाई हो सके।