नौरोजाबाद में दर्दनाक हादसा: बन्ना नाला में गिरी बाइक, युवक की मौत 

नौरोजाबाद (उमरिया) थाना नौरोजाबाद अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH 43) पर एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बन्ना नाला के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। कुछ समय बाद मृतक की पहचान 19 वर्षीय हरीश सिंह पिता राकेश सिंह, निवासी ग्राम रठेली, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हरीश कल दोपहर को घर से करकेली जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

मोटरसाइकिल सहित युवक का शव नाले में पड़ा मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बाइक पुल से फिसलकर नीचे गिर गई होगी। पुलिस द्वारा शव को नाले से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है।

घटना के बाद मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।