पाली नगर में दशहरे पर हुआ भव्य आयोजन, लाखों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली नगर में दशहरे पर हुआ भव्य आयोजन, लाखों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु

पाली। विजयादशमी के अवसर पर पाली नगर में इस बार दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। एसएससीएल जोहिला क्षेत्र के तत्वावधान में नगर के कैलरी स्टेडियम में विशाल रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए।

विशेष बात यह रही कि लंबे समय से बंद हो चुकी सांस्कृतिक चल समारोह की परंपरा को नगर पालिका परिषद पाली ने एक बार फिर जीवंत कर दिया। इस पहल की नगरवासियों ने खुलकर सराहना की और इसे सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में अहम कदम बताया।

निर्माणाधीन बस स्टैंड पाली से भव्य चल समारोह का शुभारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कैलरी स्टेडियम पहुंचा। इस दौरान आकर्षक झांकियों, बैंड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। जगह-जगह पर नागरिकों ने चल समारोह का स्वागत कर उत्सव का माहौल और भी जीवंत बना दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला प्रधान ने कहा कि “पाली नगर की सांस्कृतिक परंपराओं को संजोना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना हमारी जिम्मेदारी है।पिछले कुछ सालों से बंद पड़ी इस परंपरा को फिर से शुरू कर पाना हमारे लिए गर्व की बात है।”

स्टेडियम में जैसे ही रावण का पुतला अग्नि के हवाले किया गया, चारों ओर जय श्रीराम के उद्घोष गूंज उठे। आतिशबाजी ने वातावरण को और भी रोमांचक बना दिया। दशहरा पर्व का यह आयोजन नगर के लिए अविस्मरणीय बन गया।











