शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, 28 वर्षीय बस चालक गिरफ्तार,36 वर्षीय महिला की शिकायत पर पाली पुलिस की कार्रवाई
पाली (उमरिया)।शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए जाने के आरोप में पाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम दुर्गेश बर्मन पिता रामकरण बर्मन, उम्र 28 वर्ष, निवासी मंगठार बजरंग मोहल्ला बताया गया है। आरोपी वर्तमान में पाली–मंगठार बस में चालक के रूप में कार्यरत है तथा पूर्व में एम्बुलेंस चालक के रूप में कार्य कर चुका है।
36 वर्षीय महिला ने पाली थाना पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत में बताया कि आरोपी से उसकी पहचान कामकाज के दौरान हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का आश्वासन देकर करीब दो वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार जब उसने विवाह की बात कही, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद स्वयं को धोखे का शिकार महसूस करते हुए महिला ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।