दो दिवसीय उमरिया प्रवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक किए माता बिरासिनी के दर्शन


उमरिया - दो दिन के उमरिया प्रवास पर आए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक मां बिरासिनी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री परंपरागत सनातनी वेशभूषा में धोती एवं अंगवस्त्र धारण किए हुए नजर आए, जो उनकी धार्मिक आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने माता रानी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।


दर्शन उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां बिरासिनी के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई है और वे सदैव जनता के कल्याण एवं सेवा के कार्यों में समर्पित रहेंगे। उन्होंने कामना की कि माता बिरासिनी की कृपा प्रदेश की समस्त जनता पर बनी रहे।


मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही नगर में चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। सम्पूर्ण प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा और नगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। निर्धारित समयानुसार मुख्यमंत्री प्रकाश नगर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरे, जहां से वे सड़क मार्ग से मंगठार स्थित मां बिरासिनी मंदिर पहुंचे। दर्शन के उपरांत वे पुनः बांधवगढ़ के लिए रवाना हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा व्यक्तिगत बताया गया। इसके बावजूद उनके आगमन पर स्थानीय विधायक मीना सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि व्यक्तिगत दौरे के चलते भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर उत्सुक नजर आए, वहीं आम जनता भी उनसे मिलने की लालसा लिए दिखाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों से आत्मीयता के साथ भेंट की और उनसे हाथ मिलाकर उनका सम्मान किया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री से कहा, “आप बहुत अच्छे हैं भइया।” वहीं कुछ छोटे बच्चों ने उन्हें “मामा” कहकर पुकारा, जिसे सुन मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए बच्चों को दुलारते नजर आए।
मुख्यमंत्री के आगमन के कारण दर्शनार्थियों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से मंदिर परिसर को मुख्यमंत्री के आगमन से लगभग दो घंटे पूर्व आम श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया था, जिसे मुख्यमंत्री के प्रस्थान के तत्काल बाद पुनः खोल दिया गया।