धौरई प्रीमियम लीग सीजन–2 का रोमांचक फाइनल संपन्न, विधायक मीना सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
धौरई प्रीमियम लीग सीजन–2 का रोमांचक फाइनल संपन्न, विधायक मीना सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित

पाली क्षेत्र में आयोजित महामाया महामुकाबला धौरई प्रीमियम लीग सीजन–2 का भव्य और रोमांचक फाइनल मुकाबला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह क्रिकेट टेनिस बॉल टूर्नामेंट 17 दिसंबर से प्रारंभ होकर लगभग 20 दिनों तक चला, जिसमें पाली शहरी एवं पाली पंचायत क्षेत्र की कुल 32 टीमों ने सहभागिता की।

फाइनल मुकाबला ग्राम सस्तरा एवं वार्ड क्रमांक 1 धौरई के मध्य खेला गया। धौरई की टीम ने टॉस जीतकर सस्तरा को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। सस्तरा की टीम निर्धारित 16 ओवरों के मुकाबले में 11 ओवरों में 109 रनों पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए धौरई की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 14 ओवरों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में स्थानीय विधायक मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने सबसे पहले आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस भव्य आयोजन में आमंत्रित करने के लिए वे सभी का धन्यवाद करती हैं। विधायक ने कहा कि उन्हें स्वयं क्रिकेट में काफी रुचि है और इस फाइनल मुकाबले का उन्होंने भरपूर आनंद लिया। उन्होंने कहा कि मैच कहीं से भी एकतरफा नहीं लगा और दोनों ही टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे यह मुकाबला वास्तव में फाइनल की तरह ही रोमांचक नजर आया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन लगभग 20 दिनों तक चला और किसी भी आयोजन की सफलता दर्शकों के बिना संभव नहीं होती। लगातार कई दिनों तक अपना अमूल्य समय निकालकर आयोजन को सफल बनाने वाले सभी दर्शकों का भी उन्होंने हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
उद्बोधन के पश्चात विधायक मीना सिंह द्वारा विजेता टीम वार्ड क्रमांक 1 धौरई को 25,000 रुपये नगद एवं चमचमाती ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम ग्राम सस्तरा को 12,500 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों को गोल्ड एवं सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार राधे विश्वकर्मा को प्रदान किया गया। उन्हें 3,100 रुपये नगद हरिभूमि सतीश विश्वकर्मा तथा 3,100 रुपये नगद ओमदत्त चौबे द्वारा प्रदान किए गए। वहीं फाइनल मुकाबले में शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शेखर विश्वकर्मा को मिला, जिन्हें 2,100 रुपये नगद ओम गुप्ता की ओर से प्रदान किए गए।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में महामाया इंडस्ट्रीज के प्रोप्राइटर मनी सैनी, प्रदीप सोनी, कौशल विश्वकर्मा, राजा विश्वकर्मा, राजा सिंह, अजय सिंह, शक्ति सिंह ठाकुर, मोंटी, कमल नारायण सिंह ओम प्रकाश लहरे का विशेष योगदान रहा। वहीं पूरे टूर्नामेंट का लाइव टेलीकास्ट परशराम विश्वकर्मा द्वारा किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष राधा तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल, वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद सोना सिंह,वार्ड क्रमांक 4 पार्षद सविता सिंघ मलियागुड़ा सरपंच लोकनाथ मरावी, विमल अग्रवाल, सत्या विश्वकर्मा, रामधनी प्रधान, बनौदा सरपंच धनराज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति के बीच यह आयोजन क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने वाला सिद्ध हुआ।


