नर्मदा जयंती महोत्सव : शोभा यात्रा एवं विशाल भंडारे की सभी तैयारियां पूर्ण,,संवाददाता - श्रवण कुमार उपाध्याय 

अमरकंटक - मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में 
जगत जननी परांबा भगवती मां नर्मदा मैया के पावन जन्मोत्सव को पूरे उत्साह , हर्षोल्लास एवं पारंपरिक धार्मिक वातावरण में मनाने हेतु आयोजित दो दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं । प्रथम दिवस मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर परिसर से निकलने वाली भव्य शोभा यात्रा एवं विशाल भंडारे के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं ।


मां नर्मदा जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं । नर्मदा मंदिर परिसर में विशाल भंडारे के लिए बड़ा टेंट लगाया गया है वहीं भोजन प्रसाद निर्माण हेतु मिस्त्री एवं कार्यकर्ता भी पहुंच चुके हैं । कार्यक्रम के महत्व एवं व्यापकता को दृष्टिगत रखते हुए सभी स्तरों पर सावधानीपूर्वक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे ।


विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पतित पावनी मां नर्मदा जी की पावन जन्म जयंती महोत्सव को भक्ति , श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा ।
नर्मदा जयंती महोत्सव समिति के पुजारी पंडित कामता प्रसाद द्विवेदी , पंडित उत्तम द्विवेदी , पंडित उमेश द्विवेदी , पंडित रूपेश द्विवेदी , मार्कंडेय शर्मा , नितिन अग्रवाल , श्यामलाल सेन , ऋषभ प्रताप सिंह , प्रकाश द्विवेदी , भानू प्रसाद सेन , मुनीष पांडेय , ओपी गौतम आदि ने संयुक्त रूप से बताया कि नर्मदा जन्मोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं और समिति से जुड़े सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने हेतु प्राणपण से जुटे हुए हैं ।

उल्लेखनीय है कि नर्मदा जयंती महोत्सव की शोभा यात्रा एवं विशाल भंडारा जनसहयोग से विशाल जनसमूह की उपस्थिति में भव्य एवं आकर्षक धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होता है जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं ।