पाली में नवरात्रि की तैयारियों पर प्रशासनिक बैठक, जुलूस की भव्यता और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर


पाली (उमरिया)। आगामी चैत्र नवरात्रि एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पाली नगर के एसडीएम सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने की। इस दौरान एसडीओपी एस.सी. बोहित, थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट लक्ष्मीकांत शर्मा, तहसीलदार संतोष चौधरी, तहसीलदार नीलेश सिंघ नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह पेन्द्रों,कनिष्ठ अभियंता सुधीर कुमार महोबिया जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न धर्मों के लोग उपस्थित रहे।


बैठक में पाली नगर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बिरासिनी धाम में मनाए जाने वाले चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि पाली में चैत्र नवरात्रि के दौरान निकलने वाला भव्य ज्वारा जुलूस अपनी अलग पहचान रखता है और इसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। बैठक में उपस्थित लोगों ने मंदिर संचालन समिति की अध्यक्ष एवं एसडीएम मीनाक्षी बंजारे से जुलूस की भव्यता को पूर्व की तरह बनाए रखने और व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का आग्रह किया।
नवरात्रि के नौ दिनों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुधीर कुमार होबिया पाली से विशेष अनुरोध किया गया। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहडोल-उमरिया मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और नगर के अंदर नौ दिनों तक आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित रखने पर भी चर्चा की गई।
नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नगर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पुनः चालू कराया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। नवरात्रि के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पाली पहुंचते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना आवश्यक है।
बैठक में मंदिर परिसर में प्रसाद विक्रेताओं द्वारा पॉलिथीन के उपयोग पर भी चर्चा की गई। एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने स्पष्ट कहा कि पॉलिथीन पहले से ही प्रतिबंधित है और मंदिर परिसर में इसका उपयोग पूरी तरह बंद कराया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं से अधिक मूल्य में प्रसाद विक्रय की शिकायतों को देखते हुए प्रसाद विक्रेताओं को सख्त हिदायत देने और समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
बैठक में भूतपुर्ब नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश पालीवाल पार्षद सविता सिंह, भरत प्रजापति, अंजू पटेल,प्रमिला जगवानी,उषा कोल,व्यापारी संघ अध्यक्ष विमल अग्रवाल,सिंधु समाज के अध्यक्ष भगतराम जगवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे