नाले की निकासी पर बना दी गई अवैध दुकान, अनूपपुर कब्रिस्तान में जलभराव से बढ़ा आक्रोश
नाले की निकासी पर बना दी गई अवैध दुकान, अनूपपुर कब्रिस्तान में जलभराव से बढ़ा आक्रोश
पूर्व सदर पर मिलीभगत से निर्माण कराने के आरोप, नाला जाम होने से बारिश का पानी कब्रिस्तान में भरने का दावा
अनूपपुर। अंजुमन इस्लामिया कमेटी अनूपपुर से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अधीन आने वाले कब्रिस्तान परिसर में नाले की निकासी के ऊपर कथित रूप से अवैध दुकान का निर्माण कराए जाने को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पूर्व सदर मोहम्मद सलीम के कार्य काल मे कथित मिलीभगत से बिरयानी दुकान संचालक के साथ मिलकर कराया गया।
*बरसाती पानी की निकासी के ऊपर बना दिया पक्का निर्माण*
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर दुकान का निर्माण कराया गया, वहां से बरसात के पानी की निकासी के लिए नाला बना हुआ था। आरोप है कि नियम-कायदे और आवश्यक अनुमति की अनदेखी करते हुए नाले के ऊपर पक्का निर्माण कर दुकान खड़ी कर दी गई। निर्माण के बाद नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
*बिरयानी दुकान की गंदगी से नाला जाम होने का आरोप*
लोगों का कहना है कि दुकान से निकलने वाली गंदगी नाले में जमा होती रही, जिसके कारण नाला पूरी तरह जाम हो गया है। कई वर्षों से नाले की समुचित सफाई नहीं होने के कारण बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसका सीधा असर कब्रिस्तान परिसर पर पड़ रहा है। *कब्रिस्तान में जलभराव, कब्रों के प्रभावित होने की शिकायत* नाला जाम होने के कारण बारिश का पानी कब्रिस्तान के अंदर जमा होने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की स्थिति के कारण कई कब्रें भी प्रभावित हो रही हैं। धार्मिक स्थल और कब्रिस्तान की पवित्रता को देखते हुए इस स्थिति को लेकर समाज के लोगों में चिंता बढ़ रही है। *पूर्व कमेटी के खिलाफ बढ़ रहा जन आक्रोश* मामले को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में पूर्व कमेटी के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान की भूमि और जल निकासी व्यवस्था से जुड़े किसी भी निर्माण को नियमों के अनुरूप और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए था। यदि नाले के ऊपर निर्माण हुआ है तो इसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
*जांच और कार्रवाई की मांग*
स्थानीय लोगों ने संबंधित वक्फ बोर्ड अधिकारियों और प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मौके का निरीक्षण कर यह स्पष्ट किया जाए कि दुकान निर्माण के लिए किसकी अनुमति ली गई थी, निर्माण किस नियम के तहत कराया गया और नाले की निकासी बाधित होने के लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही नाले की तत्काल सफाई कर कब्रिस्तान में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की गई है


