पति बना पत्नी का कातिल! घरेलू विवाद ने ली जान, उमरिया पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
उमरिया। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आई महिला की संदिग्ध मौत का मामला आखिरकार हत्या निकला। उमरिया पुलिस ने तफ्तीश के बाद इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मृतिका के ही पति को आरोपी बनाया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम अमड़ी निवासी दरम्मू बैगा ने 26 अप्रैल को अपनी 40 वर्षीय बहन शिल्ला बाई बैगा के घर में मृत पाए जाने की सूचना पुलिस को दी थी। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों ने कहानी पलट दी।
जांच में खुलासा हुआ कि शिल्ला बाई की मौत सामान्य नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है। रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर पति नरेश बैगा पर शिकंजा कस दिया।
तफ्तीश में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के एक दिन पहले भी दोनों एक शादी समारोह में गए थे, जहां विवाद शुरू हुआ और घर लौटने के बाद भी बढ़ता गया। रात में झगड़ा इतना बढ़ा कि नरेश बैगा ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम के निर्देशन और एसडीओपी पी. एस. परस्ते के नेतृत्व में किया गया।
घरेलू विवाद का यह खौफनाक अंजाम एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि छोटी-छोटी कहासुनी कब जानलेवा रूप ले लेती है, इसका अंदाजा तक नहीं होता।