घर में उठी चीखें, बाहर फैली सनसनी —पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर पति को मार डाला,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
घर में उठी चीखें, बाहर फैली सनसनी —पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर पति को मार डाला

उमरिया। नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के सिंघवाडा गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। शराब के नशे में आए पति और पत्नी के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने लाठी-डंडों से लगातार प्रहार कर पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर जुटे पड़ोसियों और परिवारजन बीच-बचाव का प्रयास करते रहे, लेकिन मारपीट नहीं रुकी और कुछ ही मिनटों में वारदात मौत में बदल गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान चिंतामणि कोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चिंतामणि रविवार को शराब पीकर घर आया और पत्नी से विवाद करने लगा। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने घर में पड़े डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण चिंतामणि की वहीं मौत हो गई।

मृतक के भाई लच्छू कोल ने बताया कि “मैं काम से लौट रहा था, तभी घर से फोन आया कि चिंता की मौत हो गई है। दौड़कर पहुंचा तो परिवार ने बताया कि हम लोग मारपीट रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पत्नी कह रही थी कि वह रोज शराब पीकर परेशान करता है और इसी गुस्से में उसने पीटना शुरू कर दिया और उसकी सांसें रुक गई।

घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसडीओपी पाली एस.सी. बोहित ने बताया कि “पति-पत्नी के विवाद में पत्नी द्वारा की गई मारपीट से पति की मृत्यु हो गई है। नौरोजाबाद थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और नशे को विवाद का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।


