अनूपपुर में पत्रकारों और प्रशासन के बीच हुई अहम बैठक, समस्याओं के जल्द निराकरण का मिला आश्वासन

अनूपपुर - पत्रकार एकता मंच अनूपपुर जिले के समस्त पत्रकारों की कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के साथ आज मंगलवार को नर्मदा सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन ने पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि 8 नवंबर को जिले के सभी पत्रकारों ने न्यू बस स्टैंड स्थित आंदोलन स्थल पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की शुरुआत की थी। आंदोलन के दौरान प्रशासन की ओर से एसडीएम कमलेश पुरी, एडिशनल एसपी मरकाम एवं कोतवाली थाना प्रभारी ने पहुंचकर पत्रकारों की समस्याएं सुनीं और जिला कलेक्टर से चर्चा के बाद बैठक का दिन एवं समय निर्धारित किया गया था। इसके पश्चात पत्रकारों ने प्रशासन की पहल पर आंदोलन को स्थगित कर दिया था।

आज नर्मदा सभागार में हुई बैठक में पत्रकारों ने जिला कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के साथ वन-टू-वन चर्चा करते हुए समाचार कवरेज के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं एवं उत्पीड़न के मामलों को विस्तार से रखा। पत्रकारों ने यह भी मांग रखी कि जिन पत्रकारों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें तत्काल संज्ञान में लेकर खारिज किया जाए तथा फर्जी शिकायत करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस पर कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं एसपी मोती उर रहमान ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि वे पूरी स्वतंत्रता के साथ अपना कार्य करें, प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस एवं प्रशासन ने बताया कि पत्रकारों से जुड़े सभी मामलों पर प्रतिवेदन मंगवाए जा रहे हैं और प्रत्येक प्रकरण पर निष्पक्ष जांच कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।