पत्रकार एकता का शंखनाद, देशभर से 350 पत्रकारों की गरिमामयी सहभागिता
पत्रकार एकता का शंखनाद, देशभर से 350 पत्रकारों की गरिमामयी सहभागिता
अमरकंटक। मध्यप्रदेश की पवित्र धरती, माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में पत्रकारिता का एक ऐतिहासिक और गौरवशाली अध्याय रचा गया, जब भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (आई.एफ.डब्ल्यू.जे.) की 144वीं राष्ट्रीय कार्यसमिति एवं मध्यप्रदेश इकाई की दो दिवसीय बैठक 28 एवं 29 मार्च 2026 को भव्य रूप से संपन्न हुई। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 350 पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकार एकता का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आयोजन के मुख्य अतिथि पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदे लाल सिंह मार्को रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पत्रकार शामिल हुए।
पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को मिला समर्थन
अपने उद्बोधन में विधायक फुंदे लाल सिंह मार्को ने पत्रकारों की सुरक्षा, जीविकोपार्जन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीरता व्यक्त करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को पूर्णतः जायज बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मांगों को प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुँचाकर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
पत्रकार हितों के लिए सतत संघर्षरत आई.एफ.डब्लू.जे.
आई.एफ.डब्ल्यू.जे. के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महासंघ निरंतर पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने मीडिया काउंसिल के गठन, पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पेंशन योजना को सरल बनाने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
प्रदेश में संगठन विस्तार पर जोर
मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष उपेंद्र गौतम ने कहा कि संगठन प्रदेश में तेजी से विस्तार कर रहा है और पत्रकारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु समर्पित होकर कार्य करेगा। उन्होंने संगठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि 1950 में स्थापित यह संगठन देश का पहला पंजीकृत ट्रेड यूनियन पत्रकार संगठन है।
भव्य स्वागत और गरिमामयी आयोजन
कार्यक्रम में संगठन प्रभारी राहुल सिंह राणा ने स्वागत भाषण देते हुए देशभर से आए पत्रकारों एवं पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजन अत्यंत सफल और सुव्यवस्थित रहा। मंचासीन अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर किया गया।
देश के विभिन्न राज्यों जैसे आंध्रप्रदेश, बिहार, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, गोवा, महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, उत्तराखंड आदि से आए पदाधिकारी व प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
ऐतिहासिक स्वागत रैली
राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव एवं प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र गौतम के शहडोल आगमन पर भव्य वाहन रैली निकाली गई। साथ ही शहडोल से अमरकंटक पहुंच मार्ग के विभिन्न स्थानों बुढ़ार, धनपुरी, अमलाई, बरगवां एवं राजेंद्रग्राम में पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों द्वारा आतिशबाजी, पुष्पमालाओं एवं भव्य स्वागत से ऐतिहासिक वातावरण निर्मित हुआ।
अमरकंटक में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन न केवल पत्रकारों की एकता का प्रतीक बना, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए एक मजबूत आवाज भी बनकर उभरा। यह आयोजन आने वाले समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और सशक्त संगठनात्मक विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।


