पाली ट्रैक हादसा: अज्ञात शव की पहचान, विनय सिंह गोंड निवासी धौरई के रूप में हुई पुष्टि

पाली उमरिया- पाली रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर उमरिया की ओर जैन पेट्रोल पंप के सामने अप लाइन रेलवे ट्रैक पर मिले क्षतिग्रस्त शव की पहचान हो गई है। पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त विनय सिंह गोंड, पिता राजेंद्र सिंह, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी धौराई, थाना पाली के रूप में पुष्टि हुई है।
बताया गया कि शव अत्यंत क्षतिग्रस्त अवस्था में रेलवे ट्रैक पर मिला था, जिसके कारण शुरुआती स्तर पर पहचान नहीं हो सकी थी। मामले की सूचना रेलवे पुलिस द्वारा थाना पाली को दी गई, जिसके बाद पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना रात्रि लगभग 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
पाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।