पाली पुलिस ने पकड़ा लाखों का अंतरजिला जुआ फड़, घुनघुटी पुलिस की “सह-खामोशी” पर उठे सवाल

 

पाली। घुनघुटी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत कन्नाबहरा के जंगलों में पिछले एक सप्ताह से संचालित हो रहे अंतरजिला जुआ फड़ पर आखिरकार पाली पुलिस ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई ने न केवल जुए के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है, बल्कि घुनघुटी चौकी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि उक्त जुआ फड़ कन्नाबहरा के जंगलों में संचालित हो रहा था, जहां उमरिया जिले के साथ-साथ शहडोल, धनपुरी,अमलई और बुढार से जुआड़ी पहुंच रहे थे। पाली पुलिस की रेड कार्रवाई में 9 से 10 जुआड़ियों को मौके से पकड़ा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये नकद तथा 10 वाहनों को जब्त किया है।

सूत्रों के मुताबिक इस जुआ फड़ का संचालन कुख्यात फड़दार रजनी भूत द्वारा किया जा रहा था,  कार्रवाई के दौरान रजनी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

सबसे अहम बात यह है कि यह अंतरजिला जुआ फड़ घुनघुटी चौकी क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से सक्रिय था, लेकिन स्थानीय चौकी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखी की गई—यह सवाल अब आम चर्चा में है।

गौरतलब है कि जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा कमान संभालने के बाद जिलेभर के थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद घुनघुटी चौकी क्षेत्र में इतना बड़ा अंतरजिला जुआ फड़ संचालित होना, स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।

फिलहाल पुलिस उक्त मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जब्त की गई राशि की सटीक जानकारी एवं पकड़े गए जुआड़ियों के नामों का खुलासा हो सकेगा। अब देखना यह होगा कि कार्रवाई की आंच सिर्फ जुआड़ियों तक ही सीमित रहती है या फिर इस पूरे खेल में शामिल अन्य जिम्मेदारों पर भी कोई ठोस कदम उठाया जाता है।