पाली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: माँ बिरासिनी देवी मंदिर ट्रस्ट की 8 दुकानों को किया गया सील
  उमरिया जिले के पाली नगर में आज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए माँ बिरासिनी देवी मंदिर प्रबंध समिति की ट्रस्ट से संचालित दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग की टीम ने तहसीलदार लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व में, नगर पालिका एवं पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर 8 दुकानों को सील कर दिया।


तहसीलदार लक्ष्मीकांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर संचालन समिति द्वारा पूर्व में 21 दुकानदारों को बकाया किराया जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने न तो किराया जमा किया और न ही नोटिस का जवाब दिया।


उन्होंने बताया कि कुछ दुकानदारों द्वारा पूर्व में ही किराया जमा कर दिया गया था, जबकि 11 दुकानदारों पर बकाया राशि शेष थी। आज की कार्रवाई के दौरान दो दुकानदारों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी, जिससे कुल ₹3 लाख 11 हजार की वसूली की गई। इसके बाद शेष 8 दुकानों को सील कर दिया गया।


सील की गई दुकानों के दुकानदारों में भागवत प्रसाद सोनी, रामदुलारे विश्वकर्मा, रोशन लालवानी, नरेश सेन (अंकित सोनी), सुंदरलाल बर्मन (चुटूदाना), रविशंकर तिवारी, सुनील शिवहरे एवं मनोज जैसवाल शामिल हैं।
बताया गया है कि इन दुकानदारों द्वारा पिछले 4 से 6 वर्षों से किराया जमा नहीं किया जा रहा था। यह कार्रवाई पाली एसडीएम एवं माँ बिरासिनी देवी मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी बनजारे के निर्देश पर की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय/ट्रस्ट संपत्तियों के किराए को लेकर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।