बारात में आए पिकअप चालक से लूट, पुलिस की फुर्ती से चंद घंटों में दो आरोपी गिरफ्तार
उमरिया। जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में बारात में शामिल एक पिकअप चालक के साथ हुई लूट और मारपीट की घटना ने देर रात सनसनी फैला दी। हालांकि, उमरिया पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज कुछ घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के ग्राम सुड्डी निवासी सुखनंदन कुमार तोमर पिकअप वाहन से बारात का सामान लेकर ग्राम असोढ़ पहुंचे थे। सामान उतारने के बाद वह देर रात बरा टोला स्थित स्कूल के पास वाहन में ही विश्राम कर रहे थे। तभी करीब ढाई बजे रात तीन युवक वहां पहुंचे और उनका मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने चालक के साथ जमकर मारपीट की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब में रखा पर्स, जिसमें करीब 2000 रुपये नगद थे, लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इंदवार थाना पुलिस हरकत में आई और तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम धनवाही निवासी बृजेश लोनी और राजीव उर्फ मुंडा लोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी रोहित उर्फ गुंडा लोनी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और पूर्व में भी इनके खिलाफ मारपीट के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस लूटा गया पर्स और नगदी बरामद करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर पुलिस की सक्रियता सामने आई है, हालांकि क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।