उमरिया जुड़े हवाई मार्ग से — बांधवगढ़ से कान्हा, मैहर, चित्रकूट व जबलपुर के लिए पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

उमरिया। जिले के पर्यटन और आवागमन को नई दिशा देने वाला बड़ा कदम आज उठाया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से पीएम श्री हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा का शुभारंभ मानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री मीना सिंह ने किया। इस सुविधा के शुरू होते ही अब उमरिया, बांधवगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से कान्हा, मैहर, चित्रकूट और जबलपुर जैसे प्रमुख स्थलों तक की यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और तेज हो गई है।

कार्यक्रम में विधायक मीना सिंह ने कहा कि पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा उमरिया जिले के पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई रफ्तार देने वाली है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से बांधवगढ़ आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को लंबी सड़क यात्रा से राहत मिलेगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा के संचालन संबंधी जानकारी देते हुए पीएम पर्यटक के संचालक सूर्या चौड़े ने बताया कि पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी। साथ ही आवश्यकता होने पर चार्टर्ड हेली सेवा भी बुक की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अब बांधवगढ़ से जबलपुर, मैहर और कान्हा की हवाई यात्रा नियमित व सुविधाजनक रूप से संभव हो सकेगी।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थल पर फायर ब्रिगेड, पुलिस बल और मेडिकल टीम की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि पीएम श्री हेलीकॉप्टर सुविधा के शुरू होने से बांधवगढ़ और उमरिया क्षेत्र में पर्यटन को नया जीवन मिलेगा। इससे होटल, ट्रैवल, गाइड और स्थानीय रोजगार को बड़े पैमाने पर लाभ पहुंचने की संभावना है। पहाड़ों और धार्मिक स्थलों तक तेज और आसान पहुंच होने से आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।