उमरिया में सरेआम गुंडई, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से हाथापाई

उमरिया। जिला मुख्यालय में बीती रात सरेआम गुंडई का मामला सामने आया है। रणविजय चौक के पास न्यायालय के सामने एक युवक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से हाथापाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना कल रात्रि की है। बताया जा रहा है कि पीटीएस उमरिया में पदस्थ पुलिसकर्मी मुकेश सिंह ड्यूटी के बाद अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान न्यायालय परिसर के सामने उन्हें एक व्यक्ति किसी अन्य के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिया। पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उल्टा पुलिसकर्मी के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला व्यक्ति न्यायालय उमरिया में पदस्थ पियून विमल लड़िया है। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की घटना हो सकती है तो आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सामान्य मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।