पुलिस अधीक्षक ने 2 साल के बच्चे को सौंपा बाल आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र

कटनी / अनूपपुर । पुलिस विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का निर्वहन लगातार करता रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जिला दमोह में पदस्थ रहे स्वर्गीय आरक्षक क्रमांक 739 श्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर के पुत्र पृथ्वीराज लोधी को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय आरक्षक श्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर का शासकीय सेवा के दौरान एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद शासन की अनुकंपा नियुक्ति नियमों के तहत उनके परिवार को राहत प्रदान करते हुए उनके 2 वर्ष 5 माह के पुत्र पृथ्वीराज लोधी को बाल आरक्षक के पद पर नियुक्ति दी गई।

नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर परिजनों ने मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग ने आश्वस्त किया कि वह अपने कर्मियों और उनके परिवारों के हितों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।