एसईसीएल प्रोजेक्ट कॉलोनी में जमीन कब्जाने के लिए कोल माइंस के कर्मचारी कर रहे पेड़ों की कटाई, जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
एसईसीएल प्रोजेक्ट कॉलोनी में जमीन कब्जाने के लिए कोल माइंस के कर्मचारी कर रहे पेड़ों की कटाई, जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी

पाली (जिला उमरिया) जिले के पाली स्थित एसईसीएल की प्रोजेक्ट कॉलोनी क्षेत्र में जमीन पर कब्जा करने के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी के आसपास लगी इमारती लकड़ी सहित फलदार और छायादार पेड़ों को काटकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कॉलोनी में कई ऐसे लोग रह रहे हैं जो कोल माइंस के कर्मचारी तो रह चुके हैं, लेकिन अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके बावजूद वे अब तक कॉलरी के क्वार्टर खाली नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार एसईसीएल की A टाइप कॉलोनी के आसपास की खाली जमीन में लगे पेड़-पौधों को काटकर धीरे-धीरे जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि काटे जा रहे पेड़ों में इमारती लकड़ी के साथ-साथ फलदार और छायादार वृक्ष भी शामिल हैं, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। सामने आई तस्वीरों में कई पेड़ कटे हुए दिखाई दे रहे हैं, वहीं कुछ पेड़ों के तनों को जलाकर नष्ट करने की कोशिश भी की गई है।

जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर यह गतिविधियां हो रही हैं वह कॉलरी प्रबंधन की जमीन बताई जा रही है और यह क्षेत्र वन विकास निगम के दायरे में भी आता है। इसके बावजूद इस ओर किसी जिम्मेदार विभाग का ध्यान नहीं जा रहा है।

इस संबंध में जब एसडीओ पाली दिगेंद्र सिंह पटेल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पहले यह पता कराया जाएगा कि यह मामला किस विभाग के क्षेत्र का है। यदि यह उनके अधिकार क्षेत्र में आता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

वहीं इस मामले में वन विकास निगम के रेंजर अनिल सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने भी क्षेत्र की जानकारी न होने की बात कहते हुए कहा कि पहले यह पता किया जाएगा कि संबंधित जमीन किस विभाग के अंतर्गत आती है, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

उधर इस मामले को लेकर एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के जीएम जोहान सल्डाना तथा सर्बेरिया के अधिकारी सुमन कुमार से भी कई बार दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।

वहीं पाली क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारी ए.के. दुबे ने बताया कि किसी सोशल वर्कर द्वारा आज ही यह मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बाहर हैं, सोमवार को वापस आकर इस मामले को सर्बेरिया के अधिकारियों के सामने रखकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सरकारी जमीन पर हो रही पेड़ों की कटाई और संभावित कब्जे के मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


