पैरालीगल वॉलंटियर्स को मिलेगा साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण, 23 जुलाई को अनूपपुर में होगा एक दिवसीय कार्यक्रम


अनूपपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर द्वारा माननीय मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) के दक्षता संवर्धन हेतु सी.आई.एस. (CIS) एवं साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को मंदाकिनी होटल, अनूपपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पैरालीगल वॉलंटियर्स को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा तथा नागरिकों को कानूनी सहायता से संबंधित नवीन जानकारियों से अवगत कराना है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे स्वयंसेवक आमजन को बेहतर कानूनी सहायता और जागरूकता प्रदान कर सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी संबंधित पैरालीगल वॉलंटियर्स से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की है। यह कार्यक्रम डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विधिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।