बदौसा में आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यशाला में युवाओं ने अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान मूल्यों की समझ बनाई,,रिपोर्ट@ अजय कुमार यादव बांदा
बदौसा(बांदा)। शुक्रवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम मेमोरियल स्कूल में ग्रीन एंड हैपी इंडिया ट्रस्ट द्वारा उत्तर प्रदेश युवा कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, बाल अधिकारों, युवा अधिकारों और जेंडर समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी कार्यशाला का आयोजन किया गया। संस्था प्रमुख उमा कुशवाहा ने कहा कि जागरूक युवा ही मजबूत समाज की नींव रखते हैं।

इस कार्यक्रम में बदौसा, बरछा(ब) और दुबरिया पंचायतों के 137 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रश्नोत्तरी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामाजिक व संवैधानिक मूल्यों, बाल एवं युवा अधिकारों और जेंडर समानता पर अपनी समझ को और मजबूत किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रमुख श्रीमती उमा कुशवाहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की वास्तविक ताकत होती है। इसलिए जरूरी है कि वे अपने अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान की मूल भावना को गहराई से समझें।” उनके प्रेरक संबोधन ने उपस्थित युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

स्कूल के डायरेक्टर एहसान अली ने कहा, “हमारा लक्ष्य सिर्फ शिक्षा देना नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक नागरिक तैयार करना है जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। इस तरह की कार्यशालाएँ छात्रों को अधिकारों और समानता की सही समझ प्रदान करती हैं।”

कार्यक्रम का संचालन फैसिलिटेटर रजनी रैकवार एवं संतोष ने किया। स्कूल के शिक्षक अजय गुप्ता, शिवगोपाल निराला, रोशनी, काजल देवी, रोशनी, पूजा त्रिपाठी, पूजा रैकवार, सपना पांडेय, सुनील कुमार, विचित्र और नियाज़ अहमद मौजूद रहकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते रहे।