फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर विवाद गहराया, वाहन मालिकों ने हड़ताल की दी चेतावनी
फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर विवाद गहराया, वाहन मालिकों ने हड़ताल की दी चेतावनी
लोकल वाहनों के साथ भेदभाव और मनमानी का आरोप, 15 अप्रैल से आंदोलन की तैयारी
अनूपपुर। जिले के जैतहरी स्थित एमबी पावर (मध्यप्रदेश) लिमिटेड में फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है,माँ नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट ऑनर एसोसिएशन ने एच.आर.सी. लॉजिस्टिक और कंपनी प्रबंधन पर लोकल वाहन मालिकों के साथ भेदभाव और मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एसोसिएशन के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को एच.आर.सी. लॉजिस्टिक को समस्याओं के समाधान और समन्वय के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। आरोप है कि इसके बाद से लोकल वाहनों को डीजल नहीं दिया जा रहा, जबकि कंपनी अपनी गाड़ियों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध करा रही है, जिससे कई वाहन खड़े होने को मजबूर हो गए।
एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि एच.आर.सी. लॉजिस्टिक के प्रतिनिधि द्वारा बातचीत के दौरान अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई और कोई समाधान नहीं निकल सका।
एसोसिएशन की यह हैं प्रमुख मांगें
नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट ऑनर एसोसिएशन ने पूर्व समझौते के अनुसार बाहरी वेंडरों की अधिकतम 5 गाड़ियों का ही संचालन हो,पहले से कार्य कर चुकी स्थानीय गाड़ियों को बिना शर्त पुनः एंट्री दी जाए
बढ़ती महंगाई को देखते हुए 20 रुपये प्रति टन भाड़ा बढ़ाया जाए,बल्कर वाहनों से फ्लाई ऐश परिवहन पर रोक लगाई जाए,लोकल वाहनों को भी समान रूप से डीजल उपलब्ध कराया जाए,एसोसिएशन का कहना है कि वर्तमान में स्थानीय वाहन मालिक और ड्राइवर रोजगार के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं, जो क्षेत्रीय हितों के विपरीत है।
मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो 15 अप्रैल 2026 से सभी वाहन मालिक अपनी गाड़ियां एमबी पावर प्लांट के गेट के सामने खड़ी कर हड़ताल और विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और एच.आर.सी. लॉजिस्टिक की होगी।


