बड़ी खबर : नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटते ही भाजपा जिला अध्यक्ष का इस्तीफा, पूरी कार्यकारिणी ने भी छोड़े पद


दतिया, / 10 जुलाई। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं देकर आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद जिले की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। टिकट वितरण से नाराज भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने अपनी पूरी जिला कार्यकारिणी के साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया। 

इस्तीफे के साथ ही दतिया में भाजपा के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, बाजार बंद कराने और ग्वालियर–झांसी हाईवे पर जाम लगाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के फैसले पर नाराजगी जताई और टिकट बदलने की मांग की। 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव से ठीक पहले भाजपा में इस तरह का आंतरिक विरोध चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व इस नाराजगी को कैसे दूर करता है और क्या संगठन में कोई नया राजनीतिक संदेश दिया जाता है।