बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर में मादा भालू और शावक की मौत,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर में मादा भालू और शावक की मौत
उमरिया- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र अंतर्गत खम्हा बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-275 एवं 276 में एक मादा भालू और उसके शावक की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार टाइगर रिजर्व की गश्ती टीम ने सबसे पहले जंगल क्षेत्र में भालू के शावक को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद आसपास सर्च के दौरान मादा भालू की भी मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत बाघ के साथ आपसी संघर्ष के कारण होने की संभावना जताई जा रही है। वरिष्ठ वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच व परीक्षण की कार्रवाई की गई। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।


