बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप अनियंत्रित होकर पलट गई,,रिपोर्ट @ अजय कुमार यादव बांदा
बदौसा (बांदा)। 13 जनवरी मंगलवार को लगभग 11:30 बजे थाना बदौसा क्षेत्र के लमेहटा चौकी अंतर्गत ग्राम चन्दौर के सामने एक्सप्रेस-वे के पास चकला मोड़ पर सड़क दुर्घटना हो गई। एक्सप्रेस-वे के एप्रोच रोड से भरतकूप की ओर जा रही हीरो होंडा डीएलएक्स मोटरसाइकिल (बिना नम्बर प्लेट, नई गाड़ी) और लमेहटा से थाना बदौसा की ओर जा रही पुलिस जीप यू0पी0 90 जी 0214 आमने-सामने टकरा गईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान चुनवादी (40 वर्ष) पत्नी उमेश, निवासी नहरपुरवा थाना विसण्डा, रामलली (38 वर्ष) पत्नी पवन, निवासी गड़ाव थाना विसण्डा,विमल (15 वर्ष) पुत्र राजबहादुर, निवासी मगनपुरा थाना चित्रकूट के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने अपनी सरकारी जीप से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष बदौसा अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल नाबालिग विमल चला रहा था। बाइक को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप पलट गई। उन्होंने बताया कि तीनों घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिसकर्मी उनके साथ मौजूद हैं। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर वह खुद घटना स्थल अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे और यातायात को सामान्य कराया गया अब स्थिति सामान्य है।