संजय गांधी ताप विद्युत गृह के पास बाघ की दस्तक: 100 मीटर दूर दिखा टाइगर, श्रमिकों में दहशत

 

उमरिया। जिले के पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह के पास उस समय हड़कंप मच गया जब प्लांट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर दूरी पर एक बाघ दिखाई दिया। घटना के बाद ड्यूटी पर जा रहे श्रमिकों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ डैम की ओर से पानी पीकर लौट रहा था और कुछ समय तक सड़क किनारे तथा आसपास के क्षेत्र में मूवमेंट करता रहा। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों कर्मचारी और वाहन प्लांट तक पहुंचते हैं, वहां इस तरह बाघ का दिखना सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक माना जा रहा है।
वन क्षेत्र से सटा इलाका, बढ़ी सतर्कता की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट का पिछला हिस्सा वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जिससे जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन मुख्य सड़क के इतने करीब बाघ की मौजूदगी ने श्रमिकों की चिंता बढ़ा दी है।
कर्मचारियों का कहना है कि शिफ्ट के दौरान सुबह और रात के समय आवाजाही ज्यादा रहती है। ऐसे में यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग तथा प्लांट प्रबंधन से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस संबंध में जब एसडीओ दिगेन्द्र पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं वन विभाग के अधिकारियों से भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
फिलहाल प्लांट क्षेत्र में श्रमिकों के बीच भय का माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें संबंधित विभागों की कार्रवाई पर टिकी हैं।