पाली नगर में भगवान विश्वकर्मा का विसर्जन धूमधाम से संपन्न

पाली। नगर में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार शाम को बड़े धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ किया गया। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकली, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। जगह-जगह भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा में रंग-बिरंगी झांकियों और डांडिया नृत्य ने विशेष आकर्षण बटोरा। महिलाएं और बच्चियां पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर शामिल हुईं। वहीं युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर वातावरण को भक्ति और उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में नगर के प्रमुख समाजसेवी सुदामा विश्वकर्मा, राजकुमार अग्रवाल एवं रमेश विश्वकर्मा मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।

प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन कर विसर्जन किया गया। आयोजन में सभी वर्गों के लोग शामिल हुए और पूरे नगर में भक्तिमय माहौल छा गया।