अमलाई में गूंजे श्याम भजनों के स्वर, भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,छप्पन भोग, पुष्प वर्षा और फूलों की होली ने बांधा समां, कृष्ण जन्मोत्सव के छठवें पर्व पर हुआ आयोजन,,रिपोर्ट@दीपक सिंह
अमलाई में गूंजे श्याम भजनों के स्वर, भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,छप्पन भोग, पुष्प वर्षा और फूलों की होली ने बांधा समां, कृष्ण जन्मोत्सव के छठवें पर्व पर हुआ आयोजन
अनूपपुर। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के छठवें पर्व के अवसर पर बुधवार, 9 सितंबर को अमलाई बस स्टैंड में चचाई रोड स्थित शंकर मंदिर परिसर में कृष्णा समिति के तत्वावधान में भजन संध्या का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में अमलाई सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। भजन संध्या में शहडोल जिले के प्रसिद्ध श्याम भजन प्रवाहक गोलू सांवरिया एवं विजय भूमिया ने अपनी टीम के साथ भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन शुरू होते ही श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए और बड़ी संख्या में लोग भजनों पर झूमते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
छप्पन भोग और फूलों की होली ने बढ़ाई शोभा-
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। फूलों की होली का आयोजन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। फूलों की होली में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति गीतों के बीच जमकर आनंद लिया। मंदिर परिसर में चारों ओर पुष्पों की खुशबू, भजनों की स्वर लहरियां और श्रद्धालुओं के जयकारे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।
जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने की सहभागिता
इनकी रही उपस्थित- भजन संध्या कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता एवं पार्षद पवन कुमार चीनी, डॉ. राज पांडे, मंडल उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा, नरेंद्र सिंह बग्गा, सुमित केसरवानी, रामनरेश गुप्ता, गुड्डू तिवारी, आनंद पाण्डेय, नीरज गुप्ता, विजय तिवारी, राहुल मिश्रा, अखिलेश सिंह, राजेश मिश्रा, मुन्ना केसरवानी सहित नगर के अनेक नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर भजन संध्या में प्रस्तुति देने पहुंचे कलाकारों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं स्वच्छता अभियान में योगदान के लिए नगर परिषद के सफाई निरीक्षक दिनेश चौधरी का भी सम्मान किया गया।
धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश देना उद्देश्य कृष्णा समिति के अध्यक्ष सुमित केसरवानी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित भजन संध्या का उद्देश्य नगरवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना तथा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्णा समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन तक श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।


