मतदाता सूची संशोधन में खुलासा: वार्ड 3 की पार्षद संध्या रानी पांडे ने कराया अपना नाम शिफ्ट, वार्ड में चर्चाओं का दौर तेज,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
मतदाता सूची संशोधन में खुलासा: वार्ड 3 की पार्षद संध्या रानी पांडे ने कराया अपना नाम शिफ्ट, वार्ड में चर्चाओं का दौर तेज
पाली। वार्ड क्रमांक 3 स्थित वनपरिक्षेत्र कार्यालय में आज एसएआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के तहत मतदाता सूची का सामूहिक वाचन किया गया। वाचन के दौरान वार्ड में पंजीकृत कुल 858 मतदाताओं में से 16 मृतक, 70 अन्य वार्डों में शिफ्ट, 7 मतदाताओं का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सका और 3 मतदाता ऐसे मिले जिनके डबल ईपिक पाए गए।
वाचन के दौरान सुपरवाइजर तेन सिंह रघुवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल, बीएलओ डी.एस. पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फूलबाई बर्मन, भाजपा की ओर से बीएलओ अनुपम बारी, राजा दास, सीनू राव, सरद प्रधान सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यवाही के दौरान उस समय माहौल चर्चा में बदल गया जब शिफ्टेड सूची में वर्तमान वार्ड पार्षद संध्या रानी पांडे का नाम भी पाया गया।
जब इस बारे में बीएलओ से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि स्वयं पार्षद ने जानकारी देते हुए कहा था कि वे वार्ड से बाहर शिफ्ट हो गई हैं, इसलिए उनका नाम मतदाता सूची से पृथक किया गया है।
इस संबंध में जब पार्षद संध्या रानी पांडे से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा––
“मैंने अपने से ही नाम हटवाया है। मैंने लोगों की सेवा के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन वार्ड के कुछ लोग और पाली के कुछ नेताओं ने मुझे रहने ही नहीं दिया। न तो साथ दिया और न ही मुझे समझा। इसी वजह से मैंने स्वयं अपना नाम अलग करवाया और अब मैं ग्वालियर शिफ्ट हो चुकी हूँ।”
उनके इस बयान के बाद वार्ड में चर्चाएं और तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि नगर पालिका के वर्तमान कार्यकाल में अभी लगभग दो वर्ष शेष हैं और ऐसे समय में पार्षद का वार्ड छोड़ देना कई सवाल खड़े करता है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में इस कदम का असर वार्ड के विकास, स्थानीय राजनीति और आगामी चुनावी समीकरणों पर किस रूप में दिखाई देता है।


