नववर्ष पर माँ बिरासिनी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब,माँ बिरासिनी सेवा समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन


उमरिया - नववर्ष के पावन अवसर पर उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली नगर स्थित दसवीं शताब्दी की कलचुरी कालीन माँ बिरासिनी जी के पावन दरबार में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। नववर्ष की पहली सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों का ताँता लगा रहा। दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुँचे श्रद्धालुओं ने माँ बिरासिनी जी के चरणों में शीश नवाकर नए वर्ष में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।


इस पावन अवसर पर नगर की माँ बिरासिनी सेवा समिति द्वारा अपनी वार्षिक वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भव्य आयोजन किया गया। समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बाहर से आए दर्शनार्थियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


नववर्ष के इस पावन पर्व पर माँ बिरासिनी के दरबार में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।