माता बिरासिनी मंदिर में नवरात्रि पर्व का शुभारंभ, जगत जननी की भक्ति में डूबे श्रद्धालु

पाली(उमरिया)- नवरात्रि की मंगलध्वनि के साथ सम्पूर्ण भारतवर्ष माता की भक्ति में सराबोर हो चुका है। हर तीर्थस्थल पर श्रद्धालुओं की आस्था और उल्लास देखते ही बन रहा है। इसी क्रम में उमरिया जिले के पाली नगर स्थित 10वीं शताब्दी की कलचुरी कालीन प्राचीन जगत जननी माता बिरासिनी मंदिर में भी नवरात्रि महापर्व का विधिवत शुभारंभ हो गया।

पहले दिन उमरिया कलेक्टर धरनेंद्र जैन (मंदिर संचालन समिति के डायरेक्टर) अपनी धर्मपत्नी के साथ मंदिर पहुंचे। दोनों ने विधि-विधान से माता बिरासिनी की पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की और जिले की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस पावन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया भी मौजूद रहे।

माता बिरासिनी देवी का यह ऐतिहासिक धाम श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है, जिसकी ख्याति केवल भारत तक सीमित नहीं बल्कि पूरे विश्व में है। नवरात्रि में यहां लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। अमेरिका सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों से भक्त यहां पहुंचकर कलश स्थापना करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु मां से आशीर्वाद मांगते हैं।

श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और सुविधाओं को इस प्रकार सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी भक्त को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि में पाली नगर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाया गया है। मंदिर परिसर सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर जवानों की तैनाती कर दी गई है, ताकि भक्त निश्चिंत होकर मां के दर्शन कर सकें।

इसी कड़ी में नगर का ऐतिहासिक जवारा जुलूस, जो पूरे देश में प्रसिद्ध है, 30 सितम्बर को शाम 4 बजे मंदिर प्रांगण से निकलेगा। यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा और अंत में स्थानीय सगरा तालाब स्थित विसर्जन कुंड में जवारे व कलशों का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।